अमरोहा । उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला क्षेत्र में एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लापरवाह यातायात व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की पोल खोलने वाला भीषण सड़क हादसा सामने आया है। दिल्ली की ओर जा रही वैगनआर कार अज्ञात वाहन में पीछे से जा घुसी, जिससे कार में सवार चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसा बुधवार तड़के उस समय हुआ जब कार ख्यालीपुर ढाल से लगभग 200 मीटर आगे हाईवे पर पहुंची थी।

टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई

बताया जा रहा है कि सड़क पर चल रहे किसी भारी वाहन से टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मृतकों में कार चालक मोहम्मद सलमान (27) शामिल है, जो रामपुर जिले के पंखेवालान गेट बमनपुरी का निवासी था और टैक्सी चलाता था। उसके साथ सवार अन्य यात्रियों में से तीन की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। हादसे में हसनैन और समेतुल इस्लाम गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, ये सभी युवक रामपुर से दिल्ली जाने की तैयारी में थे, लेकिन ट्रेन छूट जाने के बाद वैगनआर कार से रवाना हुए थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि हाईवे पर न तो गति नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम हैं और न ही भारी वाहनों की निगरानी ठीक से होती है। कई जगह अंधेरा, अव्यवस्थित यातायात और लापरवाही के कारण ऐसे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नजर आते हैं।सूचना पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। सभी शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान की जा रही है।यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर इस तरह की लापरवाही लोगों की जान लेती रहेगी और यातायात व्यवस्था सिर्फ नाम की रह जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *