लखनऊ । UP-112 की पीआरवी टीमों ने एक बार फिर अपनी तेज कार्रवाई, संवेदनशीलता और मुस्तैदी से आमजन का भरोसा मजबूत किया है। Lucknow Police Commissionerate के अंतर्गत बाजार खाला और गोसाईंगंज थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग घटनाओं में पीआरवी टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता बच्चों को सकुशल बरामद किया और चोरी हुई स्कूटी भी खोज निकाली।
लापता बच्चों को ढूंढने में दिखाई फुर्ती
पहली घटना थाना बाजार खाला क्षेत्र स्थित ऐशबाग लाल रोड धर्मकांटा इलाके की है। यहां संतोष कुमार ने यूपी-112 पर सूचना दी कि उनके तीन मासूम बच्चे अचानक लापता हो गए हैं। बच्चों की उम्र लगभग 6, 9 और 10 वर्ष बताई गई। सूचना मिलते ही पीआरवी-7089 तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चों की तस्वीरें व जरूरी जानकारी लेकर खोजबीन शुरू कर दी।
बच्चों को देखकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए
पीआरवी कर्मियों ने आसपास की गलियों, सार्वजनिक स्थानों और स्थानीय लोगों से पूछताछ करते हुए तेजी से तलाश अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों की सतर्कता और सूझबूझ के चलते कुछ ही देर में तीनों बच्चे एक गली में सुरक्षित बैठे मिले। बच्चों को सकुशल देखकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। इसके बाद बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।इस पीआरवी टीम में कमांडर कांस्टेबल राकेश कुमार और पायलट कांस्टेबल परवेज जफर तैनात थे, जिनकी सक्रियता की परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की।
चोरी की स्कूटी भी कुछ ही देर में बरामद
दूसरी घटना थाना गोसाईंगंज क्षेत्र की है, जहां मोहम्मद सद्दाम अंसारी ने यूपी-112 को सूचना दी कि उनकी स्कूटी संख्या UP32 RD 8133 चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही पीआरवी-4955 ने तत्काल इलाके में चेकिंग और तलाश शुरू कर दी।
यूपी-112 टीम की प्रशंसा करते हुए उनका आभार जताया
लगातार सर्च ऑपरेशन और सतर्क निगरानी के दौरान पुलिस टीम ने कुछ ही समय में चोरी हुई स्कूटी बरामद कर ली। बरामद वाहन को नियमानुसार कॉलर की भाभी के सुपुर्द किया गया। स्कूटी वापस मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और यूपी-112 टीम की प्रशंसा करते हुए उनका आभार जताया।
आमजन की सुरक्षा के लिए लगातार सक्रिय यूपी-112
दोनों घटनाओं में यूपी-112 पीआरवी टीमों द्वारा दिखाई गई त्वरित प्रतिक्रिया, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए हर समय तत्पर है। पुलिस की इस सक्रिय कार्यशैली से लोगों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।