नई दिल्ली । पंजाब की मशहूर पंजाबी गायिका यशइंदर कौर उर्फ इंदर कौर की हत्या ने पूरे म्यूजिक इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। छह दिनों से लापता चल रही सिंगर का शव नीलो नहर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस खौफनाक वारदात के पीछे एकतरफा प्यार और जुनूनी सनक की कहानी छिपी है।

13 मईकी रात वह अपनी कार से बाहर निकली थी

परिजनों के मुताबिक 13 मई की रात इंदर कौर अपनी फोर्ड फिगो कार से घर का सामान लेने निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान शक की सुई मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा की ओर गई, जो लंबे समय से गायिका पर शादी का दबाव बना रहा था।बताया जा रहा है कि इंदर कौर द्वारा लगातार इनकार किए जाने से आरोपी बौखला गया था। आरोप है कि वह खासतौर पर कनाडा से पंजाब पहुंचा और अपने साथियों के साथ मिलकर गायिका का रास्ता रोका। इसके बाद हथियार के बल पर उनका अपहरण किया गया और बाद में बेरहमी से हत्या कर शव नहर में फेंक दिया गया।

पंजाब की संगीत दुनिया में शोक और आक्रोश का माहौल

परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 15 मई को ही मुख्य आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ नामजद शिकायत दे दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने से आरोपी विदेश भागने में सफल रहा।नहर से महिला का शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से शव की पहचान कराई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी को कनाडा से वापस लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।इस दर्दनाक हत्याकांड के बाद पंजाब की संगीत दुनिया में शोक और आक्रोश का माहौल है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *