औरैया में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, दो की मौत

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में नेशनल हाईवे-19 पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक शोकसभा में शामिल होने जा रहे थे
जानकारी के मुताबिक अछल्दा क्षेत्र के गढ़ चंद्रपुरा गांव के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक शोकसभा में शामिल होने जा रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे जब उनका वाहन लालपुर ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसमें बैठे कई लोग नीचे दब गए।हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और डायल-112 की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।
कई महिलाएं और पुरुष गंभीर रूप से घायल
घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस दर्दनाक हादसे में उर्मिला देवी और रामशंकर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई महिलाएं और पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर सामान्य कराया गया।




