संजीव सिंह, बलिया । पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में सीबीआई की जांच लगातार गहराती जा रही है। अब इस हाईप्रोफाइल मामले में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक और युवक की गिरफ्तारी ने सनसनी फैला दी है। सीबीआई ने बलिया निवासी राजकुमार सिंह को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही उसके गांव में सन्नाटा पसर गया है।
पहले एक अन्य युवक राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार हो चुका
सूत्रों के मुताबिक सीबीआई को इनपुट मिला था कि आरोपी हरिद्वार से लौट रहा है। इसके बाद एजेंसी ने मुजफ्फरनगर टोल प्लाजा पर पहले से जाल बिछा रखा था। स्थानीय पुलिस की मदद से राजकुमार सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।बताया जा रहा है कि इससे पहले भी सीबीआई ने इसी मामले में बलिया के एक अन्य युवक राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया था। उस गिरफ्तारी के बाद परिजनों ने उसे निर्दोष बताते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सफाई दी थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर अब एक और नाम सामने आने से मामला और उलझ गया है।
राजकुमार सिंह रतोपुर गांव का रहने वाला
राजकुमार सिंह बलिया के रसड़ा क्षेत्र के रतोपुर गांव का रहने वाला है। उसके पिता त्रिभुवन नारायण सिंह ने मीडिया से बातचीत में गिरफ्तारी की पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने मामले पर ज्यादा कुछ कहने से इनकार कर दिया।जांच में यह भी सामने आया है कि राजकुमार सिंह के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। रसड़ा कोतवाली में मारपीट और एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
साजिश से जुड़े कई अहम सुराग एजेंसी के हाथ लगे
सीबीआई सूत्रों का दावा है कि हत्याकांड की साजिश से जुड़े कई अहम सुराग एजेंसी के हाथ लगे हैं। बलिया के अन्य इलाकों में भी एजेंसी की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी थी। अब सीबीआई की जांच उत्तर प्रदेश तक पहुंचने से मामला और ज्यादा चर्चाओं में आ गया है।