लखनऊ । छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस में युवती के शव के पांच टुकड़े मिलने के सनसनीखेज मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। जीआरपी की शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि हत्यारों ने शव के टुकड़ों से भरा बक्सा बिहार नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के किसी रेलवे स्टेशन से ट्रेन में रखा था। पुलिस का मानना है कि युवती की हत्या कहीं और की गई और पहचान छिपाने के लिए उसका सिर अलग कर दिया गया।
शव से भरा बक्सा ट्रेन में कैसे पहुंचा, यह बड़ा सवाल
मामले की जांच में जुटी जीआरपी की तीन टीमों ने बिहार के छपरा, छपरा कचहरी, मरहौरा, मसरख, राजापट्टी, गोपालगंज और थावे समेत कई रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कहीं भी संदिग्ध बक्सा रखते हुए कोई व्यक्ति नजर नहीं आया। इसके बाद जांच का फोकस उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ा दिया गया है। अब तमकुही रोड से लेकर लखनऊ के गोमतीनगर स्टेशन तक के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।जांच में यह भी सामने आया है कि ट्रेन में आरपीएफ और जीआरपी की एस्कॉर्ट टीम तैनात थी। इसके बावजूद शव से भरा बक्सा ट्रेन में कैसे पहुंचा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
अब तक सिर बरामद नहीं हो सका
पुलिस बोगी नंबर एस-1 में यात्रा कर रहे यात्रियों से भी पूछताछ कर रही है। यात्रियों के मुताबिक शनिवार देर रात करीब एक बजे शौचालय के पास एक लावारिस बक्सा देखा गया था, लेकिन रात अधिक होने के कारण किसी ने संदेह नहीं जताया।रविवार सुबह जब ट्रेन गोमतीनगर स्टेशन पहुंची तो स्लीपर कोच एस-1 में लावारिस बक्सा और बैग मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची। बक्सा खोलते ही उसमें युवती का धड़ मिला, जबकि पास रखे बैग से पॉलीथीन में पैक हाथ और पैर बरामद हुए। शव के कुल पांच टुकड़े मिले हैं, लेकिन अब तक सिर बरामद नहीं हो सका है।
हत्या बेहद नफरत और बदले की भावना में की गई
जांच एजेंसियों को आशंका है कि हत्या बेहद नफरत और बदले की भावना में की गई है। अवैध संबंध, पारिवारिक विवाद या इज्जत के डर जैसे एंगल पर भी जांच चल रही है। पुलिस को शक है कि इस वारदात में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं।युवती की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पहचान के लिए जीआरपी ने शव के पंजे का बायोमेट्रिक मिलान कराने की कोशिश की, लेकिन शरीर के टुकड़े होने और रक्त प्रवाह रुकने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।रेलवे एसपी रोहित मिश्र ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश किया जाएगा।