लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी से एक युवती का छह टुकड़ों में कटा शव बरामद हुआ। हत्यारों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए शव के टुकड़ों को बक्से और बैग में भरकर ट्रेन में छोड़ दिया। शव का सिर अब तक गायब है, जिससे पुलिस भी हैरान है।
स्लीपर कोच एस-1 में एक लावारिस बक्सा और बैग पड़े मिले
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन जब गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची तो स्लीपर कोच एस-1 में एक लावारिस बक्सा और बैग पड़े होने की सूचना रेलवे कर्मचारियों ने जीआरपी को दी। जब पुलिस ने बक्सा खोला तो अंदर युवती का सिर कटा धड़ देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। पास में रखे बैग से पॉलीथीन में पैक हाथ और पैर बरामद हुए। देखते ही देखते स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतका की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या बेहद शातिराना तरीके से की गई। शव को किसी धारदार हथियार या इलेक्ट्रॉनिक कटर से काटे जाने की आशंका जताई जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शव को इस तरह पैक किया गया था कि बाहर खून का एक कतरा तक नहीं दिखाई दिया।मृतका की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर पर रंग-बिरंगा सूट मिला है, जिससे पुलिस ग्रामीण क्षेत्र से संबंध होने की आशंका जता रही है। हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस अब पूरे रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
रेलवे पुलिस के अनुसार छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस लगभग 20 स्टेशनों से होकर गुजरती है। ऐसे में यह पता लगाना चुनौती बन गया है कि हत्यारे किस स्टेशन से शव को ट्रेन में लेकर चढ़े। पुलिस अब पूरे रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों से पूछताछ की जा रही है।एसीपी रेलवे रोहित मिश्र ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस खौफनाक वारदात ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।