लखनऊ । यूपी के कानपुर में सचेंडी थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां खेत में काम कर रहे एक 16 वर्षीय दलित किशोर को प्यास लगने पर सरकारी टंकी के पास रखी बाल्टी से पानी पीना भारी पड़ गया। आरोप है कि ऊंची जाति के चार युवकों ने उसे न सिर्फ जातिसूचक गालियां दीं, बल्कि अमानवीय यातनाएं देते हुए बेरहमी से पीटा।

किशोर के कपड़े उतरवाकर उसे मुर्गा बनाया

पीड़ित परिवार के अनुसार घटना 2 मई की रात की है। किशोर खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह प्यास बुझाने के लिए पास में रखी पानी की बाल्टी से पानी पीने लगा। आरोप है कि यह देख गांव के संजय राजपूत, उसका भाई दीपक और उनके साथी सागर व पटिया आगबबूला हो गए।चारों आरोपियों ने किशोर को पकड़ लिया और जाति को लेकर अपमानित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने किशोर के कपड़े उतरवाकर उसे मुर्गा बनाया और फिर लाठी-डंडों, लात-घूंसों से जमकर पीटा। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि किशोर का हाथ फ्रैक्चर हो गया।

आरोपियों ने जूते पर थूककर उसे चटवाया

इतना ही नहीं, आरोपियों ने जूते पर थूककर उसे चटवाया और उसी जूते में पानी भरकर जबरन पिलाया। दर्द से चीख रहे किशोर को तब छोड़ा गया, जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे।घटना के बाद घायल किशोर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।सचेंडी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *