लखनऊ । यूपी के बरेली में एएनटीएफ यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय अफीम तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 किलो अवैध अफीम बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद हुई है।
13 किलो अफीम, दो मोबाइल फोन और 555 रुपये नकद बरामद
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी झारखंड से सस्ते दामों पर अफीम लाकर उत्तराखंड में सप्लाई करने की तैयारी में थे। दोनों तस्कर व्हाट्सएप कॉल के जरिए नेटवर्क संचालित करते थे और पकड़े जाने के डर से कॉल डिटेल तुरंत डिलीट कर देते थे।एएनटीएफ यूनिट बरेली को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की बड़ी खेप बरेली-बहेड़ी हाईवे के रास्ते ले जाई जा रही है। इसके बाद टीम ने थाना देवरनियां पुलिस और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाया। ग्राम बिचपुरी के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। तलाशी में उनके पास से 13 किलो अफीम, दो मोबाइल फोन और 555 रुपये नकद बरामद हुए।
अफीम झारखंड के खूंटी और हजारीबाग क्षेत्र से लाई गई थी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अफीम झारखंड के खूंटी और हजारीबाग क्षेत्र से लाई गई थी। इसे करीब 1 लाख 20 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदा गया था और उत्तराखंड के एक तस्कर तक पहुंचाया जाना था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कुमार और अजय कुमार के रूप में हुई है, जो झारखंड के चतरा जिले के रहने वाले हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
