बहराइच । उत्तर प्रदेश के बहराइच में शनिवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर अचानक आग की लपटों में घिर गया। घर के अंदर मौजूद महिला जिंदा जलने लगी और जान बचाने के लिए चीखते हुए बाहर भागी। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे लखनऊ रेफर किया गया है। घटना दरगाह थाना क्षेत्र के नुरुद्दीनचक गांव की है। बताया जा रहा है कि रात करीब तीन बजे अचानक घर में आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरा कमरा धुएं और लपटों से भर गया। घर में मौजूद चंदा नाम की महिला आग में बुरी तरह झुलस गई।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिला को बाहर निकाला। इस बीच सामने आए वीडियो ने पूरे मामले को और सनसनीखेज बना दिया है। वीडियो में महिला जलते हुए घर से बाहर निकलती दिखाई दे रही है। वह चीखते हुए एक युवक को रोकने की कोशिश भी करती नजर आती है।गंभीर रूप से झुलसी महिला ने आरोप लगाया है कि मकान विवाद को लेकर उसके रिश्ते के भाइयों मोहम्मद सफी, शमी और आश्मी ने घर में आग लगाई। महिला के पति ने भी इसी आरोप में पुलिस को तहरीर दी है।

पुलिस की शुरुआती जांच ने मामले को नया मोड़ दे दिया

हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस का कहना है कि मामला पूरी तरह संदिग्ध है और यह आशंका भी जताई जा रही है कि आग खुद पीड़ित पक्ष ने लगाई हो। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।रामाज्ञा सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कोई इसे जमीन विवाद की खौफनाक साजिश बता रहा है तो कोई इसे परिवार के भीतर की गहरी रंजिश का नतीजा मान रहा है। फिलहाल पुलिस सच तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *