लखनऊ । लखनऊ विश्वविद्यालय में तैनात एक प्रोफेसर पर छात्रा से अश्लील बातचीत करने, अनुचित लाभ का लालच देने और परीक्षा के प्रश्नपत्र आउट कराने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

परीक्षा नियंत्रक ने इस मामले में लिखित शिकायत दी

पुलिस के अनुसार विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने इस मामले में लिखित शिकायत दी, जिसमें आरोप लगाया गया कि विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह ने एक छात्रा के साथ आपत्तिजनक बातचीत की और उसे अनुचित लाभ देने का प्रलोभन दिया।

प्रशासन को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई गई

इतना ही नहीं, छात्रा द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई गई, जिसमें कथित तौर पर परीक्षा के प्रश्नपत्र आउट कराने को लेकर बातचीत होने का दावा किया गया है। ऑडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच समिति गठित कर दी।जांच के बाद परीक्षा नियंत्रक की तहरीर पर हसनगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच सहायक पुलिस आयुक्त महानगर को सौंपी गई

पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त महानगर को सौंपी गई है। जांच के दौरान ऑडियो रिकॉर्डिंग, छात्रा के बयान और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी।विश्वविद्यालय में इस मामले के सामने आने के बाद छात्रों और शिक्षकों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन का कहना है कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *