लखनऊ। राजधानी में सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। महानगर और सैरपुर थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक और एक महिला की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामलों की जांच में जुट गई है।
पार्किंग के दौरान कार की टक्कर से युवक की मौत
महानगर थाना क्षेत्र के निशातगंज इलाके में शुक्रवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस के मुताबिक अताउर्रहमान ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके छोटे भाई अजाज उर्रहमान उर्फ रहमान खान (35) खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से निकले थे।
अनिल कुमार सिंह के घर के सामने बैठे थे
बताया गया कि वह वाल्दा रोड स्थित अनिल कुमार सिंह के घर के सामने बैठे थे। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे कार संख्या UP32 JE 4578 (ग्रैंड i10) के चालक अनिल कुमार सिंह ने कथित रूप से लापरवाही से वाहन पार्क करते समय अजाज को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
परिजन उन्हें तत्काल भाऊराव देवरस अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने अजाज को मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) और 281 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
सैरपुर में अज्ञात वाहन ने महिला को कुचला
वहीं दूसरी घटना सैरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के सामने आई। सुबह करीब 5 बजे सब्जी मंडी के पास कंट्री मोड़ पर सड़क पार करते समय एक महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
गुमटी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करती थीं
सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को तुरंत सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मृतका की पहचान खितावुन पत्नी नूर मोहम्मद (46) निवासी रामकोट, सीतापुर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में लखनऊ के छठा मील स्थित मीट मार्केट के पीछे रह रही थीं। परिजनों के अनुसार खितावुन इलाके में पान-तंबाकू की गुमटी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करती थीं।
हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।दोनों हादसों के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
