लखनऊ । यूपी के कन्नौज से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां सिर्फ लड्डू न खिलाने की बात पर एक युवक ने दर्जी को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी जान चली गई। आरोपी ने पहले चप्पलों से हमला किया, फिर गमछे से गला कसकर सड़क पर घसीटता रहा। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
नया प्लॉट खरीदने के बाद दोस्त के घर लड्डू लेकर गए थे
मृतक निजामुद्दीन (45) पेशे से दर्जी थे और पुरानी पुलिस लाइन स्थित कांशीराम कॉलोनी में रहते थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने एक दिन पहले ही नया प्लॉट खरीदा था। इसी खुशी में बुधवार सुबह वह अपने दोस्त के घर लड्डू लेकर गए थे। दोस्त घर पर नहीं मिला, तभी वहां आरोपी वसीक मुल्ला पहुंच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने निजामुद्दीन से लड्डू मांगे, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। बस इसी बात पर वसीक आगबबूला हो गया। उसने पहले दर्जी को चप्पलों से पीटना शुरू किया। जब लोग बचाने पहुंचे तो आरोपी और हिंसक हो गया। उसने गमछा मृतक के गले में डालकर सड़क पर घसीटा और पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया।
आरोपी पहले भी अपने बड़े भाई की कर चुका है हत्या
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी कोई पहली बार अपराध नहीं कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 20 साल पहले वह अपने ही बड़े भाई की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। इतना ही नहीं, उसका परिवार भी उससे दूरी बनाकर रखता था। पत्नी ने पुलिस को बताया कि जेल से लौटने के बाद उसका व्यवहार और ज्यादा हिंसक और असामान्य हो गया था।हत्या के बाद आरोपी शहर से लगे एक अमरूद के बाग में छिप गया था। पुलिस ने कई घंटे की तलाश के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। Kannauj Police अब आरोपी से पूछताछ कर रही है।इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। लोग हैरान हैं कि मामूली सी बात पर कोई इस हद तक दरिंदगी कैसे कर सकता है।
