लखनऊ। राजधानी में आयोजित द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता 2025-26 के तहत 35वीं वाहिनी पीएसी परिसर में खिलाड़ियों के सम्मान और उत्साहवर्धन के लिए भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं बड़े खाने का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अपर पुलिस महानिदेशक पीएसी रामकृष्ण स्वर्णकार के निर्देशन में किया गया।
खिलाड़ियों एवं अधिकारियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम/सीआईडी बिनोद कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रकाश डी, नवीन अरोरा, प्रीतिंदर सिंह, किरीट राठौड़ और अतुल शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रीय पुलिस बलों से आए खिलाड़ियों एवं अधिकारियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। खिलाड़ियों ने संगीत, नृत्य और अन्य रंगारंग प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
भोजन कर भाईचारे, सौहार्द और आपसी समन्वय का संदेश दिया
इसके बाद आयोजित बड़े खाने में सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों ने एक साथ भोजन कर भाईचारे, सौहार्द और आपसी समन्वय का संदेश दिया। आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों के बीच खेल भावना, राष्ट्रीय एकता और पारस्परिक सहयोग को मजबूत करना रहा।अपर पुलिस महानिदेशक पीएसी रामकृष्ण स्वर्णकार ने कहा कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ विभिन्न राज्यों और केंद्रीय बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।
