लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन से बेहद भावुक नजर आए। वह लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम किया जा रहा था। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली।

वह बचपन से ही जीवन में कुछ बड़ा करना चाहते थे

पोस्टमार्टम हाउस से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “प्रतीक यादव आज हमारे बीच नहीं हैं। यह मेरे और पूरे परिवार के लिए बेहद दुखद क्षण है। वह बचपन से ही जीवन में कुछ बड़ा करना चाहते थे। स्वास्थ्य के प्रति हमेशा सजग रहते थे और अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ना चाहते थे।”उन्होंने कहा कि लगभग दो महीने पहले उनकी प्रतीक से मुलाकात हुई थी। उस समय भी उन्होंने प्रतीक को स्वास्थ्य का ध्यान रखने और कारोबार पर फोकस करने की सलाह दी थी। अखिलेश यादव ने कहा कि “कभी-कभी कारोबार में होने वाला नुकसान इंसान को भीतर से तोड़ देता है।”

फिटनेस और बिजनेस की दुनिया में उनकी अलग पहचान थी

प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। हालांकि वह सक्रिय राजनीति से दूर रहे, लेकिन फिटनेस और बिजनेस की दुनिया में उनकी अलग पहचान थी। वह लखनऊ में फिटनेस और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हुए थे।उनकी पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्तों को लेकर चर्चाएं भी सामने आती रही थीं। सोशल मीडिया पर कई बार दोनों अलग-अलग कार्यक्रमों और तस्वीरों में नजर आए थे।

परिवार की ओर से कभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया

कुछ समय पहले प्रतीक यादव की इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर तलाक की अटकलें भी तेज हुई थीं, हालांकि परिवार की ओर से इस संबंध में कभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया।सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर दौड़ गई।प्रतीक यादव सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते थे और फिटनेस, लग्जरी लाइफस्टाइल व एडवेंचर से जुड़े पोस्ट साझा करते थे। उनका अचानक निधन मुलायम परिवार और उनके करीबियों के लिए गहरा सदमा माना जा रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *