नई दिल्ली। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली देश की सबसे बड़ी परीक्षा NEET UG 2026 को केंद्र सरकार ने रद्द कर दिया है। परीक्षा आयोजित करने वाली National Testing Agency (एनटीए) ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि पेपर लीक की आशंका और जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर यह बड़ा फैसला लिया गया है। अब पूरे मामले की जांच Central Bureau of Investigation (सीबीआई) को सौंपी जाएगी।

कई राज्यों से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी

एनटीए के अनुसार, 3 मई 2026 को आयोजित हुई परीक्षा को लेकर कई राज्यों से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि परीक्षा से पहले कुछ छात्रों के पास ऐसा हस्तलिखित कथित गेस पेपर मिला था, जिसके कई सवाल असली प्रश्नपत्र से मेल खाते बताए गए। इसके बाद मामला गंभीर हो गया और जांच एजेंसियां सक्रिय हो गईं।

राजस्थान में इस मामले ने सबसे ज्यादा तूल पकड़ा

राजस्थान में इस मामले ने सबसे ज्यादा तूल पकड़ा। इंटेलिजेंस इनपुट मिलने के बाद राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने देहरादून, सीकर और झुंझुनू में कार्रवाई करते हुए 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया। इनमें एक कोचिंग संस्थान से जुड़ा करियर काउंसलर भी शामिल बताया जा रहा है।

केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया गया

एनटीए ने कहा है कि मौजूदा परिस्थितियों में परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाना संभव नहीं था। इसी कारण केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया गया। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि नई परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड जारी होने का कार्यक्रम और अन्य जरूरी सूचनाएं जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।

इस वर्ष करीब 23 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी

गौरतलब है कि NEET UG परीक्षा देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। पहले यह परीक्षा एआईपीएमटी (AIPMT) के नाम से जानी जाती थी, लेकिन वर्ष 2017 से इसकी जगह नीट ने ले ली।इस वर्ष करीब 23 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा रद्द होने के फैसले के बाद अभ्यर्थियों और अभिभावकों के बीच चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *