लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। एक ओर भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, तो दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना बन गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को पश्चिमी यूपी, दिल्ली से सटे इलाकों और तराई क्षेत्र के कुल 38 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।

तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम साफ हुआ

सोमवार को प्रदेशभर में तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम साफ हुआ और धूप निकलने से गर्मी में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई। बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा झांसी में 40.7, प्रयागराज में 40.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि वाराणसी और आगरा में भी पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया।

तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना

India Meteorological Department के लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मंगलवार से अगले तीन-चार दिनों तक प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों, खासकर तराई क्षेत्रों में बादलों की सक्रियता बनी रहेगी। इस दौरान रुक-रुक कर हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में दिन में उमस और तपिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

इन जिलों में तेज हवा और गरज-चमक का अलर्ट

मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है।

पांच सबसे गर्म जिले

बांदा — 41.6°C

झांसी — 40.7°C

प्रयागराज — 40.4°C

आगरा — 39.6°C

वाराणसी — 39.6°C

मौसम विभाग ने लोगों को तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *