चंदौली। उत्तर प्रदेश में वाराणसी और चंदौली के बीच रेलवे ट्रैक पर रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब चलती ट्रेन में एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में हुई इस वारदात से यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।मिली जानकारी के अनुसार बिहार के गया जिले के पिपरिया बारचकी निवासी 42 वर्षीय दिनेश शाह अपनी बड़ी बहन और रिश्तेदार के साथ सीतापुर जाने के लिए गाड़ी संख्या 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। दिनेश एस-2 कोच में बैठे थे, जबकि उनके परिजन दूसरी बोगी में यात्रा कर रहे थे।

बाथरूम की ओर जा रहे दिनेश शाह को किसी ने गोली मार दी

बताया जा रहा है कि रात करीब 1:35 बजे ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से वाराणसी के लिए रवाना हुई। ट्रेन जैसे ही ब्लॉक हट-बी क्षेत्र के पास पहुंची, उसी दौरान बाथरूम की ओर जा रहे दिनेश शाह को किसी अज्ञात बदमाश ने गोली मार दी। गोली लगते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।यात्रियों ने तत्काल घटना की सूचना रेलवे के रनिंग स्टाफ को दी। इसके बाद ट्रेन को वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचाया गया, जहां रात करीब 2:42 बजे जीआरपी ने शव को ट्रेन से नीचे उतरवाया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जीआरपी प्रशांत वर्मा, क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रभात सिंह और आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त बीपी सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कोच की गहन जांच की और यात्रियों से पूछताछ की। जांच के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।एसपी जीआरपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं।

दो रेल हत्याओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

इधर, इसी दिन गाजीपुर-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में भी एक यात्री की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना सामने आई है। बदमाशों ने जमानिया निवासी मंगरू नामक युवक की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया। एक ही दिन में दो रेल हत्याओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही घटनाओं से रेल यात्रियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *