नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा से दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां घर के मुख्य दरवाजे पर लगा भारी लोहे का गेट पांच वर्षीय मासूम के लिए काल बन गया। थाना फेस-2 क्षेत्र के गेझा गांव में खेलते समय अचानक लोहे का गेट टूटकर बच्चे के ऊपर गिर पड़ा, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हादसे के बाद बच्चा करीब 40 सेकेंड तक गेट के नीचे दबा रहा
जानकारी के अनुसार गेझा गांव निवासी मनीष एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। शनिवार को उनका पांच वर्षीय बेटा नवदीप घर के बाहर मुख्य गेट पर चढ़कर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक गेट का एक पल्ला टूटकर सीधे बच्चे के ऊपर गिर गया। भारी गेट के नीचे दबने से मासूम बुरी तरह घायल हो गया।सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि हादसे के बाद बच्चा करीब 40 सेकेंड तक गेट के नीचे दबा रहा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह भारी गेट हटाकर बच्चे को बाहर निकाला। आनन-फानन में परिजन उसे कार से अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मासूम की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घर का गेट काफी पुराना था और उसका कब्जा जंग लगने से कमजोर हो चुका था। संभवतः इसी वजह से गेट अचानक टूटकर गिर गया।पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गौतम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। प्रथम दृष्टया यह एक दुर्घटना प्रतीत हो रही है।वहीं घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ गई है। लोग घरों में लगे पुराने और भारी गेटों की नियमित जांच कराने की सलाह दे रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।
