सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। अखण्डनगर थाना क्षेत्र के अलाउद्दीनपुर गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो वाहन ने दो सगे भाइयों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।

खुटहन क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में डीजे बजाने गए थे

जानकारी के अनुसार, सरैया मुबारकपुर गांव निवासी प्रदीप कुमार और अनिल कुमार पुत्र अतिबल मजदूरी का काम करते थे और डीजे कार्यक्रमों में भी सहयोग करते थे। रविवार को दोनों जौनपुर जिले के खुटहन क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में डीजे बजाने गए थे। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे वापस लौटे और वाहन से सामान उतार रहे थे।इसी दौरान अलाउद्दीनपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने दोनों भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल

क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि थाना अखण्डनगर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े दो सगे भाइयों को अज्ञात बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार वाहन की तलाश जारी है।इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *