वाराणसी । उत्तर प्रदेश के Varanasi जनपद में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मड़ुवाडीह थाना क्षेत्र के भुल्लनपुर इलाके में तेज रफ्तार थार जीप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला और उसकी पांच वर्षीय मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए लोगों ने थार जीप पर पथराव कर दिया।

चालक वाहन को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया

जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव निवासी सोनी राजभर अपने देवर मनीष राजभर और पांच वर्षीय बेटी के साथ मड़ुवाडीह के मोड़ैला गांव में आयोजित रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। देर रात कार्यक्रम से लौटते समय तीनों बाइक से अपने घर जा रहे थे।बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक भुल्लनपुर इलाके में पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक थार जीप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक थार के पहिये में फंस गई और चालक वाहन को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।

हादसे के बाद मौके से भागने की कोशिश कर रहा था

लोगों का आरोप है कि चालक नशे में था और हादसे के बाद मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने शोर मचाते हुए थार का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मड़ुवाडीह पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मनीष राजभर, सोनी राजभर और मासूम बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सोनी और उसकी बेटी को मृत घोषित कर दिया। घायल मनीष की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

नाराज लोगों ने थार जीप पर पथराव शुरू कर दिया

घटना से नाराज लोगों ने थार जीप पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने किसी तरह हालात को नियंत्रित किया और वाहन को कब्जे में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतका और घायल युवक के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां परिवार में कोहराम मच गया।पुलिस के मुताबिक आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *