लखनऊ। उत्तर प्रदेश एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और हरियाणा एंटी नारकोटिक्स टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 454 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया
एएनटीएफ सहारनपुर यूनिट के उपनिरीक्षक नवीन कुमार के अनुसार पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि यूपी से हरियाणा के विभिन्न जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर एएनटीएफ सहारनपुर की टीम हरियाणा पहुंची और स्थानीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया।करनाल मेरठ हाईवे के पास करनाल सदर थाना क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति रिंग रोड पुल के नीचे मौजूद है और मादक पदार्थों की सप्लाई करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई एएनटीएफ
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान वंश यादव पुत्र सुनील यादव निवासी बुढ़ा खेड़ा गांव, थाना गागलहेड़ी, जिला सहारनपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से 454 ग्राम हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था और शुक्रवार को भी हरियाणा में सप्लाई देने जा रहा था। एएनटीएफ अब आरोपी के नेटवर्क, सप्लाई चैन और इससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।
