आगरा। ताजनगरी आगरा से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति से विवाद के बाद न्यायालय के आदेश पर ससुराल लौटी एक विवाहिता ने अपने ही देवर पर दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि रात के अंधेरे में देवर उसके कमरे में घुस आया और जबरन अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली
मामला थाना ताजगंज क्षेत्र का है। नाई की मंडी इलाके की रहने वाली विवाहिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका निकाह ताजगंज निवासी युवक से हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि दहेज न मिलने पर उसे प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया।इसके बाद पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली और घरेलू हिंसा व भरण-पोषण का मुकदमा दायर किया। न्यायालय ने महिला के पक्ष में फैसला सुनाते हुए पति को हर माह 2500 रुपये भरण-पोषण देने और पत्नी को साझा गृहस्थी में रखने का आदेश दिया।
रात होते ही उसके साथ डरावनी घटना हो गई
पीड़िता के अनुसार, 23 अप्रैल की दोपहर पुलिस उसे ससुराल छोड़कर आई थी। दिन किसी तरह बीत गया, लेकिन रात होते ही उसके साथ डरावनी घटना हो गई। आरोप है कि देर रात उसका देवर कमरे में घुस आया और उसके साथ जबरन अश्लील हरकतें करने लगा। महिला ने विरोध किया तो उसने दुष्कर्म का प्रयास किया।इसी दौरान पीछे से पति वहां पहुंच गया और विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद देवर ने दोनों के साथ जमकर मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसका गला दबाया, बाल नोचे और जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह वह खुद को बचाकर कमरे से बाहर निकली और शोर मचाया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर सास और जेठ मौके पर पहुंचे
महिला की चीख-पुकार सुनकर सास और जेठ मौके पर पहुंचे। इसके बाद मामला शांत हुआ, लेकिन पीड़िता दहशत में आ गई। आरोप है कि जब उसने पुलिस से शिकायत की तो पहले उसकी सुनवाई नहीं हुई। बाद में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी आरोपों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
