लखनऊ। यूपी की राजधानी में सड़क हादसे और संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।

एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, मौके पर मौत

पारा थाना क्षेत्र में आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। भलिया गांव निवासी रोहित गौतम, जो पेशे से मोटरसाइकिल मैकेनिक थे, अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

रोहित गौतम की मौके पर ही मौत हो गई

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

रिंग रोड पर मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या की आशंका

वहीं दूसरी घटना ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की है, जहां रिंग रोड स्थित पक्का बाग के पास डिवाइडर पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

युवक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही

प्राथमिक जांच में युवक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोग हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

मृतक का हुलिया मजबूत शरीर, कद करीब 5.7 फीट

मृतक का हुलिया मजबूत शरीर, कद करीब 5.7 फीट बताया गया है। वह काले रंग की टी-शर्ट और काला लोअर पहने हुए था। पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के जिलों में सूचना भेजने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर फोटो जारी कर लोगों से पहचान कराने की अपील की है।

एक्सप्रेसवे हादसे में फरार वाहन चालक की तलाश जारी

फिलहाल दोनों ही मामलों में पुलिस जांच कर रही है। जहां एक ओर एक्सप्रेसवे हादसे में फरार वाहन चालक की तलाश जारी है, वहीं दूसरी ओर अज्ञात शव की पहचान कर घटना की सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *