जौनपुर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बारात लेकर जा रहे दूल्हे की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

क्या है पूरा मामला?

घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की है। खेतासराय थाना क्षेत्र के बादशाही के पास शाहगंज-जौनपुर नेशनल हाईवे पर बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने बारात लेकर जा रहे दूल्हे की गाड़ी को रोक लिया।बताया जा रहा है कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ऊर गांव निवासी राम लखन बिंद के बेटे आजाद बिंद की शादी खेतासराय क्षेत्र के बीबीपुर गांव में तय थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी होने के बाद बारात नियत समय पर निकली थी।

कैसे दिया वारदात को अंजाम?

जैसे ही दूल्हे की गाड़ी हाईवे पर पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने गाड़ी रुकवाई और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दूल्हे आजाद बिंद को दो गोलियां लगीं—एक पेट में और दूसरी मुंह में। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल में तोड़ा दम

गंभीर रूप से घायल दूल्हे को तुरंत खेतासराय स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

दुल्हन के टूटे अरमान

इस घटना के बाद बीबीपुर गांव में जहां बारात पहुंचनी थी, वहां मातम पसर गया। दुल्हन के घर में चल रहा जश्न अचानक रुक गया और शादी की सभी रस्में अधूरी रह गईं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *