उप्र न्यूज़देश प्रदेश

लखनऊ में IPL सट्टे में नुकसान से टूटा कारोबारी, 11वीं मंजिल से कूदकर दी जान

लखनऊराजधानी के गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित कुर्सी रोड के जनेश्वर इन्क्लेव में गुरुवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने 11वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। घटना ने पूरे अपार्टमेंट परिसर को दहला दिया और देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।मृतक की पहचान सीतापुर के महमूदाबाद निवासी 32 वर्षीय प्रबल जैन के रूप में हुई है, जो रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि आईपीएल सट्टेबाजी में लाखों रुपये गंवाने के बाद वह गहरे तनाव में थे और इसी कारण उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

पत्नी शिवानी को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी

पुलिस के मुताबिक, घटना से ठीक पहले प्रबल ने अपनी पत्नी शिवानी को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी। पत्नी ने उन्हें काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्होंने 11वीं मंजिल से छलांग लगा दी।रात करीब 8:45 बजे जैसे ही प्रबल नीचे गिरे, जोरदार धमाके की आवाज सुनकर अपार्टमेंट परिसर में टहल रहे लोग और खेल रहे बच्चे सहम गए। लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो देखा कि युवक खून से लथपथ जमीन पर पड़ा है। यह मंजर देख हर कोई दहशत में आ गया और चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल अवस्था में प्रबल को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पति की हालत देखकर वह बदहवास हो गईं पत्नी

इस बीच मृतक की पत्नी शिवानी भी मौके पर पहुंच गईं। पति की हालत देखकर वह बदहवास हो गईं और चीखते हुए वहीं गिर पड़ीं। आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला, लेकिन पूरे माहौल में मातम और सन्नाटा पसरा रहा।पुलिस ने फ्लैट की तलाशी ली तो वहां से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें सट्टेबाजी में हुए भारी नुकसान का जिक्र बताया जा रहा है। साथ ही दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।जानकारी के अनुसार, प्रबल जैन और उनकी पत्नी शिवानी की मुलाकात इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हुआ और बाद में शादी कर ली। शादी को करीब डेढ़ साल ही हुआ था।

पिछले साल दिवाली के आसपास इस अपार्टमेंट में रहने आए थे

पड़ोसियों के मुताबिक, दोनों पिछले साल दिवाली के आसपास इस अपार्टमेंट में रहने आए थे और ज्यादा किसी से मेलजोल नहीं रखते थे। बताया जा रहा है कि प्रबल के परिवार में पहले भी दुखद घटनाएं हो चुकी हैं—उनके पिता ने भी आत्महत्या की थी, जबकि मां का निधन हो चुका है।इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सुसाइड नोट की जांच के साथ ही मोबाइल डेटा खंगाला जा रहा है, ताकि आत्महत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सट्टेबाजी के खतरनाक अंजाम को उजागर कर दिया है, जिससे एक परिवार उजड़ गया और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button