नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार एक सक्रिय Western Disturbance (पश्चिमी विक्षोभ) के प्रभाव से क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल रहा है। बुधवार को तेज हवाओं और हल्की बारिश ने तापमान में गिरावट दर्ज कराई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
पूरे एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना
गुरुवार (30 अप्रैल) को दिल्ली, नोएडा समेत पूरे एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो कुछ समय के लिए 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से कम रहेगा।
दो दिन तक राहत के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक 1 मई (शुक्रवार) को भी आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री और न्यूनतम 19 से 21 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं शनिवार को भी मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा और तापमान 39 से 41 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
पहले झुलसा रही थी गर्मी
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बुधवार सुबह हुई हल्की बारिश ने मौसम को कुछ हद तक सुहावना बना दिया।
हवा अभी भी खराब श्रेणी में
हालांकि राहत के बीच प्रदूषण चिंता का विषय बना हुआ है। Central Pollution Control Board (CPCB) के अनुसार दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 260 दर्ज किया गया, जो “खराब” श्रेणी में आता है।पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान फिर बढ़ने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
