कानपुर । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बक्सर मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां और बड़े बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने खागा जा रहे थे

मिली जानकारी के अनुसार, गाजीपुर थाना क्षेत्र के सिमौर गांव निवासी मूलचंद्र का परिवार कानपुर में रहकर काम करता है। बुधवार को उनकी पत्नी पुष्पा देवी (42), बेटा सूरज (22) और छोटा बेटा अनुराग (11) रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने खागा जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार

टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घायल अनुराग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। कल्याणपुर थाना प्रभारी सुमित देव पांडे ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *