वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन बुधवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इससे पहले प्रधानमंत्री ने बरेका से मंदिर तक भव्य रोड शो किया, जिसमें पूरा शहर उत्साह और आस्था के रंग में रंगा नजर आया।प्रधानमंत्री का काफिला बरेका से निकलकर मंडुवाडीह, पुलिस लाइन, लहुराबीर, मैदागिन और चौक होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पहुंचा।

फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया

पूरे मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया। छह प्रमुख स्थानों पर विशेष स्वागत प्वाइंट बनाए गए थे, जहां ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।पुलिस लाइन मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की बालकनी और खिड़कियों से प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। करीब दो घंटे से लोग उनके काफिले का इंतजार कर रहे थे।

प्रधानमंत्री ने विधिवत दर्शन-पूजन किया

काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचने पर 51 ब्राह्मणों द्वारा शंखनाद के बीच प्रधानमंत्री ने विधिवत दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में भी श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।गौरतलब है कि करीब एक वर्ष बाद प्रधानमंत्री मोदी श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे हैं। उनके आगमन को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

त्रिशूल और डमरू दिखाकर पीएम ने किया भक्तों का स्वागत

पंडित ओम प्रकाश मिश्र सहित पांच ब्राह्मणों ने पीएम मोदी को षोडशोपचार पूजा कराई। पीएम मोदी ने दूसरी बार विश्वनाथ मंदिर में त्रिशूल और डमरू दिखाकर बाबा के भक्तों का अभिवादन किया। काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भ गृह में पीएम मोदी ने षोडशोपचार विधि से पूजन किया। इस दौरान ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार किया। वहीं मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *