लखनऊ । ]राजधानी में मंगलवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए ऐलान किया कि वर्ष 2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस में लगभग एक लाख नई भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है।इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग में चयनित 936 प्रधान परिचालकों/प्रधान परिचालकों (यांत्रिक) को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
अब भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो चुकी
इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज का युवा योग्यता और क्षमता के दम पर आगे बढ़ना चाहता है, और सरकार उसे पूरा अवसर दे रही है।मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में कहा कि अब भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो चुकी है। पहले जहां भर्तियों में लेनदेन और भेदभाव की शिकायतें आती थीं, वहीं अब बिना किसी सिफारिश और पैसे के, केवल योग्यता के आधार पर चयन हो रहा है।
उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों से ईमानदारी और निष्ठा के साथ सेवा करने का आह्वान किया।उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस में 2.20 लाख से अधिक कर्मियों की भर्ती की जा चुकी है। हाल ही में 60 हजार से अधिक आरक्षियों की दीक्षांत परेड भी सम्पन्न हुई है, जो अब प्रदेश में अपनी सेवाएं देंगे। इसके साथ ही होमगार्ड में भी 41 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
नई महिला पीएसी बटालियनें भी गठित
मुख्यमंत्री ने पुलिस व्यवस्था में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि अब प्रदेश में आधुनिक सुविधाओं से लैस पुलिस लाइन, मॉडल थाने, फायर स्टेशन और फॉरेंसिक लैब विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नई महिला पीएसी बटालियनें भी गठित की गई हैं।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर नवचयनित अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।इस घोषणा के साथ ही उत्तर प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर खुल गया है, जिससे रोजगार और कानून व्यवस्था दोनों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
