लखनऊ । उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के तीसरे और अंतिम दिन चार जिलों में नकल और फर्जीवाड़े के मामलों में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
फर्जी दस्तावेज और बायोमेट्रिक हेरफेर कर परीक्षा देने की कोशिश की
जानकारी के अनुसार, हापुड़, फतेहपुर, अलीगढ़ और हाथरस में अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों द्वारा फर्जी दस्तावेज और बायोमेट्रिक हेरफेर कर परीक्षा देने की कोशिश की गई। सतर्कता के चलते सभी आरोपी मौके पर ही पकड़ लिए गए।हापुड़ में जन्मतिथि में हेरफेर कर परीक्षा देने पहुंचे एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया गया, जबकि फतेहपुर में भी इसी तरह का मामला सामने आया। अलीगढ़ में बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान एक आरोपी प्रतिरूपण करते हुए पकड़ा गया, वहीं हाथरस में भी फर्जी तरीके से परीक्षा देने की कोशिश करने वाला अभ्यर्थी गिरफ्तार हुआ।
सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई थी
पुलिस के मुताबिक सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई थी, जिसके चलते आरोपियों की गतिविधियां तुरंत पकड़ में आ गईं। पुलिस ने कहा कि सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।बोर्ड के अनुसार, परीक्षा में भारी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। हालांकि कुछ स्थानों पर गड़बड़ी की कोशिशें भी हुईं, जिन्हें समय रहते रोक लिया गया।
