हमीरपुर । यूपी के हमीरपुर जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मौदहा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर छिरका के पास ट्रक और ओमनी वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कुशवाहा समाज की बारात महोबा के ग्राम खड्डी पहरा जा रही थी

जानकारी के अनुसार, कुरारा थाना क्षेत्र के ग्राम डामर से कुशवाहा समाज की बारात महोबा के ग्राम खड्डी पहरा जा रही थी। बारात में शामिल कुछ लोग ओमनी वैन से यात्रा कर रहे थे। जैसे ही वैन छिरका के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।इस हादसे में उर्दना निवासी मोहन, तिंदुही निवासी आशीष, डामर निवासी कमलेश और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई।

ईको वैन और डंपर के बीच टक्कर हुई थी

वहीं तिंदुही निवासी रोहित, उर्दना निवासी दिलीप और डामर निवासी बाबूजी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडे ने बताया कि ईको वैन और डंपर के बीच टक्कर हुई थी। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा भी अस्पताल पहुंचे

हादसे की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।घटनास्थल पर प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे, जिनमें तहसीलदार शिखर मिश्रा और नायब तहसीलदार महेंद्र गुप्ता शामिल रहे। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *