बुलंदशहर। बुलंदशहर जिले के खुर्जा शहर में शनिवार देर रात एक जन्मदिन की पार्टी उस वक्त खौफनाक मंजर में बदल गई, जब मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में भाजपा सभासद के दो भाइयों और भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई।

एक जिम में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी

जानकारी के मुताबिक, खुर्जा थाना क्षेत्र के सुभाष मार्ग स्थित एक जिम में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। पार्टी में भाजपा सभासद संजय सैनी का भाई मनीष (32), भतीजा आकाश सैनी और चचेरा भाई अमरदीप भी मौजूद थे। रात करीब 11 बजे पार्टी के दौरान जीतू सैनी और अमरदीप के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर जीतू पार्टी छोड़कर चला गया।

अचानक हुई गोलियों की बौछार से पार्टी में अफरा-तफरी मच गई

बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे बाद जीतू सैनी अपने साथियों के साथ वापस लौटा और अपने भाई की लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलियों की बौछार से पार्टी में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने मनीष, अमरदीप और आकाश को निशाना बनाकर गोली मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और जाते-जाते जिम में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कलानिधि नैथानी समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के बाद ही इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की छह टीमें दबिश दे रही हैं।इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जिसमें कई थानों की फोर्स और पीएसी की कंपनियां शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *