गाजियाबाद । गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक सनसनीखेज गिरफ्तारी करते हुए 1995 के चर्चित अपहरण और हत्या मामले के दोषी सलीम उर्फ “एक्स मुस्लिम” को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पहचान बदलकर अलग नाम से रह रहा था।
तीन दशकों तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा
पुलिस के मुताबिक, सलीम को दिल्ली के एक नाबालिग छात्र संदीप बंसल के अपहरण और हत्या के मामले में कोर्ट द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। वर्ष 2000 में उसे अंतरिम जमानत मिली थी, जिसके बाद वह फरार हो गया और तीन दशकों तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा।
कैसे हुआ था सनसनीखेज अपराध
जनवरी 1995 में 13 वर्षीय छात्र संदीप बंसल स्कूल के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन परिजनों को फिरौती के लिए फोन कॉल आया और 30 हजार रुपये की मांग की गई। जांच के दौरान पुलिस को मार्शल आर्ट ट्रेनर सलीम पर शक हुआ, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में सलीम ने अपने साथी अनिल के साथ मिलकर अपहरण और हत्या की वारदात कबूल की थी। बच्चे का शव मुस्तफाबाद क्षेत्र से बरामद हुआ था। इस मामले में दोनों आरोपियों को कड़कड़डूमा कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
पहचान बदलकर रह रहा था आरोपी
जमानत पर बाहर आने के बाद सलीम फरार हो गया और खुद को मृत घोषित कर नई पहचान “सलीम वास्तिक” के नाम से रहने लगा। वह हरियाणा के करनाल और अंबाला में छिपता रहा और बाद में लोनी में आकर बस गया। यहां उसने कपड़ों की दुकान खोली और सोशल मीडिया पर “एक्स मुस्लिम” के नाम से सक्रिय हो गया।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा
क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को लोनी से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं।
हाल ही में हुआ था जानलेवा हमला
इसी साल 27 फरवरी को लोनी में आरोपी पर जानलेवा हमला भी हुआ था। इस मामले में दो हमलावरों को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया था। हमले के बाद आरोपी का इलाज अस्पताल में चला था।
जेल भेजा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
