लखनऊ । राजधानी के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लाला बाग रिंग रोड के पास खाली प्लॉट में रहने वाली 42 वर्षीय नीलम सक्सेना का शव शनिवार तड़के झोपड़ी में मिला।मृतका के भाई नरेश ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि नीलम की मौत शुक्रवार देर रात करीब 3:30 बजे अज्ञात कारणों से हुई। सूचना मिलते ही थाना ठाकुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रेमी पर गंभीर आरोप,प्रथम जांच में हत्या के संकेत नहीं
मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब मृतका की 8 साल की बेटी ने आरोप लगाया कि उसकी मां का गला प्रेमी संजय गौतम ने दबाया था। बच्ची के अनुसार, घटना के बाद आरोपी दवा लाने के बहाने निकला और फिर वापस नहीं लौटा।पुलिस के अनुसार, मौके पर जांच के दौरान महिला के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। शव का रंग पीला पड़ना जरूर पाया गया है, लेकिन प्रथम दृष्टया हत्या के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं।
फॉरेंसिक जांच जारी, पति से अलग रह रही थी महिला
मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।जानकारी के अनुसार, नीलम की शादी हरदोई निवासी संजय सक्सेना से हुई थी, जिनसे उसके चार बच्चे हैं। करीब चार महीने पहले वह पति से अलग होकर अपने कथित प्रेमी संजय गौतम के साथ रहने लगी थी।डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित का कहना है कि मृतका के शराब पीने की आदत की भी जानकारी मिली है और सभी पहलुओं—हत्या, आत्महत्या या अन्य कारणों—से मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
