लखनऊ । यूपी की राजधानी में चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम और थाना गुडम्बा पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

15 अप्रैल को चोरी की घटना को दिया था अंजाम

यह कार्रवाई 15 अप्रैल को गुडम्बा थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी की घटना के अनावरण के तहत की गई। पीड़ित सरफराज हुसैन के घर से अलमारी तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई थी।

जंगल में दबिश, ऐसे धराए आरोपी

लगातार सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को आरोपियों की लोकेशन मिली। 24 अप्रैल की देर रात स्कार्पियो क्लब के पास जंगल में घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अदीबुर्रहमान उर्फ अद्दू (बाराबंकी), जीशान गाजी उर्फ छोटू (लखनऊ) और रामजी राजाराम सोनी (लखनऊ) के रूप में हुई है।

बरामदगी ने चौंकाया

पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, 1,10,200 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन (जिसमें एक महंगा आईफोन भी शामिल) और एक अवैध .32 बोर पिस्टल के साथ चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।

शातिर गैंग, लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अदीबुर्रहमान और जीशान गाजी बेहद शातिर अपराधी हैं और उनके खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। ये गिरोह सुनसान इलाकों और बंद घरों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देता था।

आर्थिक लालच में करते थे वारदात

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे आर्थिक लाभ के लिए चोरी की घटनाएं करते थे और चोरी के माल को ठिकाने लगाने के लिए अलग-अलग माध्यमों का इस्तेमाल करते थे।

अवैध हथियार ने बढ़ाई गंभीरता

गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी के पास से अवैध पिस्टल और कारतूस मिलने के बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।डीसीपी पूर्वी के मुताबिक, गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। बरामद माल को जल्द ही पीड़ित को सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *