बरेली । बरेली के शाही थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिस घर से शनिवार को बरात निकलनी थी, उसी घर के युवक का शव सुबह साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका मिला। इस घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया
मृतक की पहचान सुभाषनगर निवासी देवेंद्र मौर्य (22) के रूप में हुई है, जिसकी शादी रिठौरा के उद्धानापुर गांव में तय थी। शुक्रवार रात तक घर में लग्न और डीजे कार्यक्रम के साथ जश्न का माहौल था, लेकिन शनिवार सुबह उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
संदिग्ध हालात में मिला शव
सुबह सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि देवेंद्र का शव आम के पेड़ की करीब छह फीट ऊंची टहनी से पतली रस्सी के सहारे लटका हुआ था। चौंकाने वाली बात यह रही कि उसके पैर जमीन से मुड़े हुए थे, जिससे आत्महत्या पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
परिवार ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के पिता ने साफ कहा कि उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और वह आत्महत्या नहीं कर सकता। उन्होंने इसे हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
देवेंद्र परिवार में सबसे छोटा था और मेहनत मजदूरी कर घर चलाने में सहयोग करता था। उसके हाथों में मेहंदी लगी थी और शादी का कंगन भी पहना हुआ था, जो इस घटना को और भी भावुक और संदिग्ध बना रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
खुशियां बदलीं मातम में
जिस घर में कुछ घंटे पहले शादी की तैयारियां और जश्न था, वहां अब सन्नाटा और शोक का माहौल है। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा और हैरानी है।
