सोनभद्र । सोनभद्र के वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी इलाके में बरात से लौट रही जायलो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।
खलियारी बैनी रायपुर गांव से बरात में शामिल होकर लौट रहे थे
मिली जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार लोग खलियारी बैनी रायपुर गांव से बरात में शामिल होकर कन्होरा (थाना चोपन) लौट रहे थे। सुबह करीब 3:30 बजे एआरटीओ कार्यालय के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद जायलो सड़क पर पलट गई।
तीन युवकों की मौके पर मौत
हादसे में दिलीप पासवान (22), नीतीश यादव (27) और जितेंद्र साहनी (18) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।घटना में मुकेश (17), इंद्रेश (14), पंकज (18), छोटेलाल साहनी (32) और सुग्रीव (27) घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल चालक छोटेलाल को ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
पुलिस ने संभाली स्थिति, मातम में बदली खुशियां
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।रॉबर्ट्सगंज पुलिस के अनुसार, स्थिति सामान्य है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बरात से लौट रहे लोगों के साथ हुआ यह हादसा पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छोड़ गया। जिन घरों में कुछ घंटे पहले खुशी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
