मऊ । उत्तर प्रदेश के मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर कुसुम्हा बशारतपुर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में जाकर ट्रेलर से भिड़ गई।
विनय श्रीवास्तव (60) अपनी बेटी की शादी के लिए रांची गए थे
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के खोराबार क्षेत्र निवासी विनय श्रीवास्तव (60) अपनी बेटी की शादी के लिए रांची गए थे। शादी संपन्न होने के बाद वह पत्नी अर्चना (58) और बेटे कृतार्थ (27) के साथ घर लौट रहे थे। वाहन में चालक पुरुषोत्तम और एक अन्य चालक नितीश भी सवार थे।
कुसुम्हा बशारतपुर के पास चालक को झपकी आ गई
रात करीब 2:30 बजे कुसुम्हा बशारतपुर के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर दूसरी लेन में जाकर ट्रेलर से भिड़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी लोग उसमें फंस गए।
ढाई घंटे बाद निकाले गए शव
सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद वाहन को काटकर सभी पांचों शवों को बाहर निकाला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। वाहन का हटाने के बाद जाम बहाल हुआ। सूचना पर पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
गांव में पसरा मातम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर है। सूचना मिलते ही परिजन मौके की ओर भागे । शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गया । वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
