बुलंदशह। बुलंदशहर के ककोड़ थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब निकाह वाले घर में ही खूनी संघर्ष छिड़ गया। कस्बा ककोड़ के मोहल्ला व्यापारियान में शुक्रवार को पुरानी रंजिश के चलते दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
दोनों ओर से जमकर पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग हुई
दोनों ओर से जमकर पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। फायरिंग के दौरान दूल्हे के भाई समीर के पैर में गोली लग गई, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त घर में निकाह की तैयारियां चल रही थीं और कुछ ही देर बाद बारात गुलावठी के लिए रवाना होनी थी।बताया जा रहा है कि हनीफ के पुत्र आरिस की बारात जानी थी, लेकिन उससे पहले ही पुरानी रंजिश को लेकर विवाद भड़क उठा। खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया और बारात दहशत के बीच रवाना करनी पड़ी।
चार लोग घायल, जांच जारी
घटना में कुल चार लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष से समीर और हसीन, जबकि दूसरे पक्ष से यामीन उर्फ भगत जी और असलम घायल बताए जा रहे हैं। सभी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। हालांकि पुलिस समीर को लगी गोली के मामले की भी जांच कर रही है और इसे संदिग्ध मानकर पड़ताल कर रही है।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि देर रात भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था और पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन हल्का इंचार्ज ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। यदि समय रहते कार्रवाई होती तो यह बड़ा संघर्ष टल सकता था।मौके पर पहुंचे सीओ सिकंदराबाद भास्कर कुमार मिश्रा ने दरोगा की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट भेजी जा रही है और सख्त कार्रवाई होगी।
वायरल वीडियो से होगी पहचान
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें पथराव और फायरिंग साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने इन वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।कस्बे में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
