प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने गुरुवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। परिणामों में हाईस्कूल में 90.42 प्रतिशत और इंटर में 80.38 प्रतिशत छात्र सफल घोषित किए गए हैं। हाईस्कूल परीक्षा के टॉपर्स में प्रथम स्थान पर संयुक्त रूप से बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली बाजार, पिहानी (सीतापुर) की कशिश वर्मा (97.83) और द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज, जैदपुर (बाराबंकी) की अंशिका वर्मा (97.83 प्रतिशत) रहीं।

पिहानी (सीतापुर) की शिखा वर्मा (97.60प्रतिशत) रहीं

वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा के टॉपर्स में प्रथम स्थान पर बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली बाजार, पिहानी (सीतापुर) की शिखा वर्मा (97.60प्रतिशत) रहीं।योगी सरकार की मंशानुरूप बोर्ड परीक्षाओं की पूरी प्रक्रिया नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने सभी सफल छात्र छात्राओं को बधाई दी है और उनके बेहतर भविष्य की कामना की है।

15 कार्यदिवसों में सफलतापूर्वक पूरा हुआ मूल्यांकन

परीक्षा परिणाम गुरूवार की सायं 4 बजे शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) एवं बोर्ड के सभापति डॉ. महेंद्र देव तथा परिषद के सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी किया गया। इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच प्रदेश के 8,033 परीक्षा केंद्रों पर 15 कार्यदिवसों में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई गईं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से 4 अप्रैल के बीच कुल 254 मूल्यांकन केंद्रों पर कराया गया।

हाईस्कूल में बेटियों ने फिर मारी बाजी

हाईस्कूल परीक्षा में कुल 26,01,381 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें 13,43,524 बालक और 12,57,857 बालिकाएं शामिल रहीं। इनमें से कुल 23,52,181 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण घोषित किए गए। जिससे कुल पास प्रतिशत 90.42 रहा। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 87.30 जबकि बालिकाओं का 93.76 प्रतिशत रहा, जो लड़कों से 6.46 प्रतिशत अधिक है। संस्थागत परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 90.51 रहा, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 66.67 प्रतिशत दर्ज किया गया। हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 96,803 परीक्षकों द्वारा किया गया।

इंटरमीडिएट में 80.38 प्रतिशत रहा परिणाम

दूसरी तरफ, इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 24,86,072 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 13,09,397 बालक और 11,76,675 बालिकाएं थीं। इनमें से 19,98,317 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए, जिससे कुल पास प्रतिशत 80.38 रहा। बालकों का पास प्रतिशत 75.04 और बालिकाओं का 86.32 प्रतिशत रहा, यानी बालिकाएं 11.28 प्रतिशत आगे रहीं। संस्थागत परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 80.47 और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 77.54 प्रतिशत रहा। इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 55,973 परीक्षकों द्वारा किया गया।

प्रयोगात्मक परीक्षाएं व अन्य विवरण

इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 24 जनवरी से 9 फरवरी 2026 के बीच दो चरणों में 18,007 परीक्षकों की निगरानी में सम्पन्न कराई गईं। आंशिक विषयों की परीक्षा में हाईस्कूल के 3,286 और इंटरमीडिएट के 58,134 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। कुल मिलाकर इस वर्ष भी यूपी बोर्ड परीक्षा में छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित की है, वहीं परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया।

हाईस्कूल परीक्षा 2026 टॉपर्स लिस्ट

प्रथम स्थान (संयुक्त): बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली बाजार, पिहानी (सीतापुर) की कशिश वर्मा एवं द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज, जैदपुर (बाराबंकी) की अंशिका वर्मा 97.83 प्रतिशत अंक पाकर प्रथम स्थान पर रहीं। द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज, जैदपुर (बाराबंकी) की अदिति 97.50 प्रतिशत द्वितीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार संयुक्त रूप से बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज सीतापुर की अर्पिता, लॉर्ड कृष्णा पब्लिक हाई स्कूल झांसी की ऋषभ साहू एवं द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज, जैदपुर (बाराबंकी) की परी वर्मा 97.33 प्रतिशत तीसरे स्थान पर रहीं।

इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 टॉपर्स लिस्ट

बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली बाजार, पिहानी (सीतापुर) शिखा वर्मा 97.60 प्रतिशत प्रथम स्थान पर रहीं। सर्वोदय जनकल्याण इंटर कॉलेज, खेरा बरेली की नंदनी गुप्ता एवं महारानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल इंटर कॉलेज (बाराबंकी) की श्रिया वर्मा 97.20 प्रतिशत द्वितीय स्थान तथा सर्वोदय जनकल्याण इंटर कॉलेज, खेरा (बरेली) सुरभि यादव तथा महारानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल इंटर कॉलेज (बाराबंकी) की पूजा पाल 97.00 प्रतिशत तृतीय स्थान प्राप्त किया।

जेलों में भी अभ्यर्थियों का परिणाम उत्साहजनक

जेल में विद्यार्थियों ने भी यूपी बोर्ड की परीक्षा दी और उनका रिजल्ट काफी उत्साहजनक रहा। हाईस्कूल में 98.53 एवं इंटरमीडिएट में 84.44 प्रतिशत रहा। हाईस्कूल की परीक्षा में कुल 24 जेलों में परीक्षा करायी गयी थी। जिसमें 68 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। उसमें 67 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 98.53 प्रतिशत रहा। वहीं इण्टरमीडिएट की परीक्षा में कुल 27 जेलों में परीक्षा करायी गयी। जिसमें 135 ने परीक्षा दी, जिसमें से 114 उत्तीर्ण हुए। जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 84.44 प्रतिशत रहा। जेल में निरुद्ध कैदियों में सबसे ज्यादा हाईस्कूल में बरेली के 9 विद्यार्थी रहे। इसी प्रकार इण्टर की परीक्षा में सबसे ज्यादा बरेली, गोरखपुर एवं गाजियाबाद के 18-18 छात्र रहे।

विद्या भारती के विद्यालयों ने भी लहराया परचम

विद्या भारती के विद्यालयों ज्वाला देवी इण्टर कॉलेज सिविल लाइन, ज्वाला देवी इण्टर कॉलेज गंगापुरी रसूलाबाद, रानी रेवती देवी इण्टर कॉलेज राजापुर, माधव ज्ञान केन्द्र इण्टर कॉलेज नैनी आदि ने प्रदेश व जिले की मेरिट में कब्जा जमाकर अभूतपूर्व परिणाम दिया है।सिविल लाइन स्थित ज्वाला देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राकेश सिंह ने बताया कि सभी छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीण हुए हैं। हाईस्कूल में आदर्श सिंह 96.87 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में सातवां तथा जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इसी प्रकार इण्टर की परीक्षा में आशीष कुमार ने 92.60 प्रतिशत अंक पाकर जिले में चौथा तथा विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

प्रिया केसरवानी ने 89.2 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय में प्रथम स्थान पर

ज्वाला देवी गंगापुरी रसूलाबाद के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने बताया कि परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। हाईस्कूल में 220 छात्र रहे। जिसमें आर्यन दूबे ने 95.83 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय में प्रथम एवं जिले में छठवां स्थान प्राप्त किया है। इण्टर की परीक्षा में 223 छात्र रहे। जिसमें प्रिया केसरवानी ने 89.2 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया।इसी प्रकार रानी रेवती देवी इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह तथा माधव ज्ञान केन्द्र इंटर कॉलेज नैनी के प्रधानाचार्य अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *