लखनऊ। राजधानी में मंगलवार को समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जहां कई दलों के नेताओं ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश यादव की मौजूदगी में बसपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एमएच खान, श्यामलाल निषाद, विजय कुमार लाल, अखिलेश पाठक, इशरत अली खान और नीलू सत्यार्थी समेत कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी का दामन थामा। इस मौके पर संगठन को मजबूती देने के लिए सीमा राजभर को समाजवादी महिला सभा की नई राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया।
भाजपा की पदयात्रा पर तंज कसते हुए कहा
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा की पदयात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि इतनी तेज धूप में बिना चश्मा लगाए पदयात्रा करना दर्शाता है कि सरकार अपने ही फैसलों को सही साबित करने के लिए कितनी कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि “अब जब भाजपा जाएगी तो फिर कभी नहीं आएगी।”अखिलेश यादव ने रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि “एक चाय बेचने वाले युवक ने हमें चाय पिलाई तो उसकी दुकान ही बंद करा दी गई। सरकार रोजगार देने में असफल है और जो खुद रोजगार कर रहा है, उसे भी परेशान किया जा रहा है।”
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी सपा मुखिया ने सवाल उठाए
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी सपा मुखिया ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका है, लेकिन वर्तमान सरकार की नीयत पर सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि “ये लोग दरार पैदा करने की राजनीति करते हैं और आज महिलाओं को आरक्षण से पहले सुरक्षा की जरूरत है।”इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा बार-बार झूठ फैलाने का काम कर रही है और सदन में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि जो महिला आरक्षण बिल पास हुआ, उसकी वास्तविकता क्या है।
