भदोही । उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अप्रैल के तीसरे सप्ताह में ही तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि करीब 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं है और तेज धूप में लोगों का सिर चकराने लगा है।
स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया
लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिले के कुल 28 स्वास्थ्य केंद्रों पर 90 बेड आरक्षित कर दिए गए हैं, ताकि लू से प्रभावित मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके।महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय और महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय में 10-10 बेड के विशेष लू वार्ड बनाए गए हैं। इसके अलावा 6 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में 5-5 बेड और 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में 2-2 बेड आरक्षित किए गए हैं।
अस्पतालों में एसी की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक ने सभी केंद्रों को निर्देश दिए हैं कि लू वार्ड में कूलर, पंखा और बड़े अस्पतालों में एसी की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। साथ ही ग्लूकोज, ओआरएस घोल और ठंडे पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। हर वार्ड में स्टाफ और वार्ड बॉय की तैनाती भी की गई है।विशेषज्ञों का कहना है कि शरीर में पानी की कमी लू लगने का सबसे बड़ा कारण है। ऐसे में लोगों को दिनभर में 5 से 6 लीटर पानी पीने, तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाने और दोपहर 11 बजे के बाद घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
लू के प्रमुख लक्षण
तेज सिरदर्द
चक्कर और कमजोरी
मांसपेशियों में ऐंठन
उल्टी
बचाव के उपाय
ढीले और सूती कपड़े पहनें
शरीर को ठंडा रखें
हल्का और पौष्टिक भोजन करें
हरी सब्जियों का सेवन बढ़ाएं
दोपहर में बाहर निकलने से बचें
एक सप्ताह में तापमान में करीब 6 डिग्री की बढ़ोतरी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में बीते एक सप्ताह में तापमान में करीब 6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की अपील की है।
