जम्मू । जम्मू और कश्मीर के उधमपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। रामनगर इलाके के खगोट क्षेत्र में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें 20 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
बस रामनगर से उधमपुर की ओर जा रही थी
जानकारी के मुताबिक, बस रामनगर से उधमपुर की ओर जा रही थी। जालो क्षेत्र के पास एक खतरनाक मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस का टायर फटने और तेज रफ्तार (रैश ड्राइविंग) के कारण यह हादसा हुआ।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सीएम उमर अब्दुल्ला ने दुख जताया
हादसे पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी दुख जताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार उन्होंने रामनगर से उधमपुर जा रही एक यात्री बस के साथ हुई दुखद सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ पूरी दृढ़ता से खड़ी है, और उन्हें हर संभव आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताई संवेदना
भीषण बस हादसे में 20 लोगों की मौत और 20 से ज्यादा लोगों के घायल होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, यह दुखद सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं, मैंने जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि वे प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करें।
