लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक पारित नहीं होने देने पर विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन द्वारा किया गया यह कृत्य न केवल नारी सम्मान के खिलाफ है, बल्कि “अक्षम्य पाप” है, जिसके लिए देश की नारी शक्ति उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। विधेयक गिरने के बाद विपक्षी दलों द्वारा जिस प्रकार जश्न मनाया गया और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां की गईं, उसने भारतीय इतिहास के उस पीड़ादायक प्रसंग की याद दिला दी, जब भरी सभा में द्रौपदी का चीरहरण हुआ था।
पूरा एनडीए एकजुट होकर आधी आबादी के साथ खड़ा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कांग्रेस और इंडी गठबंधन के कृत्यों के प्रति उत्तर प्रदेश की नारी शक्ति के मन में जो आक्रोश है, उस आक्रोश में पूरा एनडीए एकजुट होकर आधी आबादी के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में वोटिंग के दौरान कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, डीएमके का जो दृश्य रहा, वह दृश्य पूरी तरह से भरी सभा में ‘द्रौपदी के चीरहरण’ जैसा था।
इंडी गठबंधन प्रोगेसिव सोच के खिलाफ
मुख्यमंत्री ने स्टेट गेस्ट हाउस कांड की याद दिलाते हुए कहा कि देख सपाई बिटिया घबराई। इंडी गठबंधन प्रोगेसिव सोच के खिलाफ है। ट्रिपल तलाक के खिलाफ बनाए गए कानून का भी कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, डीएमके और इंडी गठबंधन के जितने भी अन्य सहयोगी हैं, इन सबने विरोध किया था। इंडी गठबंधन को आधी आबादी से माफी मांगनी चाहिए।योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान की दुहाई देती है लेकिन इनका आचरण बाबा साहेब की भावनाओं के प्रतिकूल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिलाओं को अधिकार देना चाह रहे हैं लेकिन दुर्भाग्य है कि ये लोग बैरियर बने रहे। यह इनके दोहरे आचरण को प्रदर्शित करता है।
आधी आबादी के मन में भारी आक्रोश
मुख्यमंत्री ने कहा कि संसद में विपक्ष के नारी-विरोधी आचरण के प्रति आधी आबादी के मन में भारी आक्रोश है। यह आक्रोश कांग्रेस और इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों, समाजवादी पार्टी, आरजेडी, टीएमसी, डीएमके और अन्य उन दलों के प्रति है, जो इस पाप में भागीदार थे। आधी आबादी में यह आक्रोश साफ देखा जा रहा है कि प्रधानमंत्री जी द्वारा उठाए गए एक-एक कदम, जो समाज के हर वर्ग और देशहित में थे, इंडी गठबंधन ने कैसे बैरियर की तरह खड़े होकर उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए षड्यंत्र किया है।

महिलाओं को वह हक मिलता जो उनका स्वाभाविक अधिकार
योगी ने कहा कि लेकिन सदन में इंडी गठबंधन, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, डीएमके का जो व्यवहार रहा, वह पूरी तरह से भरी सभा में द्रोपदी के चीर-हरण जैसा दृश्य था। किस प्रकार की गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां विपक्ष द्वारा की गईं, किस प्रकार का आचरण किया गया, यह किसी से छिपा नहीं है। यदि सर्वसम्मति से यह कार्य होता, तो स्वाभाविक रूप से पूरे सदन को इसका श्रेय मिलता। नारियों के सम्मान, सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए जो कदम उठाए जा रहे थे, उससे महिलाओं को वह हक मिलता जो उनका स्वाभाविक अधिकार है।
समाजवादी पार्टी पर जमकर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जब समाजवादी पार्टी का नाम लेते हैं, तो यही याद आता है कि “देख सपाई, बिटिया घबराई”। सपा के पास स्टेट गेस्ट हाउस कांड जैसे कृत्यों का पाप धोने का एक अच्छा अवसर था। उन्हें इस अधिनियम को पारित करने में अपना योगदान देना चाहिए था। दुर्भाग्य है कि ये लोग बैरियर बनकर खड़े हो गए।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के अतिरिक्त अपना दल, सुभासपा समेत एनडीए के अन्य दलों के अध्यक्ष और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
