नितेश श्रीवास्तव , भदोही। यूपी के जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए छह नए MBBS डॉक्टरों की विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनाती की गई है। सभी डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया है और उन्हें उनके नवीन कार्यस्थलों की जानकारी भी दे दी गई है।जानकारी के अनुसार, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में दो डॉक्टरों की तैनाती की गई है, जबकि सरपतहां स्थित सौ शैय्या अस्पताल में एक डॉक्टर को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा भदोही में संचालित तीन अर्बन आरोग्य मंदिरों में एक-एक डॉक्टर की तैनाती की गई है। सभी डॉक्टर ओपीडी सेवाओं में मरीजों का उपचार करेंगे।
डॉ. अनिल सिंह को सौ शैय्या अस्पताल सरपतहां की जिम्मेदारी
तैनात किए गए डॉक्टरों में डॉ. प्रतिभा तिवारी और डॉ. राहुल सिंह को एमबीएस राजकीय चिकित्सालय भदोही में नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. अनिल सिंह को सौ शैय्या अस्पताल सरपतहां में जिम्मेदारी दी गई है। अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर फत्तूपुर में डॉ. अनिकेत श्रीवास्तव, भदोही चौरी रोड स्थित आरोग्य मंदिर में डॉ. विशाल कुमार तथा मर्यापट्टी स्वास्थ्य केंद्र पर शैलेंद्र सिंह की तैनाती की गई है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके चक ने बताया कि जिले में वर्तमान में लगभग 150 डॉक्टर कार्यरत हैं, जिनमें करीब 25 विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता में सुधार होगा
हालांकि इसके बावजूद लगभग 60 डॉक्टरों की कमी बनी हुई है, जिनमें 40 संविदा पर कार्यरत हैं, फिर भी लगभग 20 डॉक्टरों की कमी अभी भी बनी हुई है।सीएमओ ने बताया कि हाल ही में छह इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (EMO) की भी नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि नई तैनाती से अस्पतालों में ओपीडी सेवाओं में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।सीएमओ डॉ. एसके चक ने कहा, “सभी डॉक्टरों को तैनाती स्थल आवंटित कर दिया गया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता में सुधार होगा।”
