होम उप्र न्यूज़ तेल टैंकर में छिपाकर ले जाया जा रहा था 1.14 करोड़ का...

तेल टैंकर में छिपाकर ले जाया जा रहा था 1.14 करोड़ का गांजा, एएनटीएफ ने तस्कर को दबोचा

0
54

गोरखपुर/सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट गोरखपुर को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है।

मोबाइल फोन और 7,530 रुपये नकद भी बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त रियाज अहमद (51) निवासी रायबरेली के पास से 227.18 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने एक तेल टैंकर वाहन, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 7,530 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

यह खेप वाराणसी और आसपास के जिलों में खपाई जाती थी

यह कार्रवाई 14 अप्रैल 2026 को सोनभद्र जनपद के थाना दुद्धी क्षेत्र स्थित रजखड़ घाटी हाथीनाला रोड के पास की गई, जहां एएनटीएफ टीम ने घेराबंदी कर तस्कर को पकड़ा। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लाकर रायबरेली के एक व्यक्ति को सप्लाई करता था, जहां से यह खेप वाराणसी और आसपास के जिलों में खपाई जाती थी।

नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान रहेगा जारी

पुलिस ने बताया कि इस अवैध कारोबार में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। इस संबंध में थाना दुद्धी, सोनभद्र में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में इस तरह के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।