मुंबई। आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई की ओर से क्विंटन डिकॉक की नाबाद 112 रन की शानदार पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
20 ओवर में 195/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 195/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। डिकॉक ने 60 गेंदों में 112 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें कई चौके-छक्के शामिल रहे। उनके साथ नमन धीर ने 50 रन बनाकर तीसरे विकेट के लिए 122 रन की अहम साझेदारी की। शुरुआती झटकों के बाद इस साझेदारी ने मुंबई को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
16.3 ओवर में 198/3 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 16.3 ओवर में 198/3 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम के ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में 80 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 35 गेंदों में 66 रन बनाकर जीत सुनिश्चित की। दोनों के बीच 139 रन की साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
लगातार तीसरी फिफ्टी लगाई
इस मुकाबले में कई रिकॉर्ड भी बने। प्रभसिमरन सिंह 25 साल की उम्र से पहले पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। वहीं श्रेयस अय्यर ने वानखेड़े स्टेडियम में अपने करियर का पहला अर्धशतक जड़ते हुए 11 साल का इंतजार खत्म किया और लगातार तीसरी फिफ्टी लगाई।
गजनफर को छोड़कर कोई भी गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सका
मुंबई की गेंदबाजी इस मैच में कमजोर साबित हुई और अल्लाह गजनफर को छोड़कर कोई भी गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सका। दूसरी ओर, पंजाब की यह पांच मैचों में चौथी जीत है, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हुआ था।इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने साफ कर दिया है कि इस सीजन में वह खिताब की प्रबल दावेदार है, जबकि मुंबई इंडियंस को लगातार चौथी हार से अपने प्रदर्शन पर गंभीरता से विचार करना होगा।
