लखनऊ । यूपी की राजधानी के गुडम्बा थाना क्षेत्र में सोमवार को बच्चा चोरी की अफवाह ने अचानक तनाव का माहौल पैदा कर दिया। हालांकि पुलिस की जांच में यह मामला पूरी तरह निराधार निकला और कहीं भी बच्चा चोरी की पुष्टि नहीं हुई।
क्या रहा पूरा मामला
थाना क्षेत्र के फूलबाग कॉलोनी निवासी मो0 जैद, जो दुग्ध व्यवसाय से जुड़े हैं, उनकी एक डेयरी ग्राम भाखामऊ में संचालित है। इसी गांव में उनके मित्र धीरेन्द्र सिंह और उनके भाई राघवेन्द्र सिंह भी पिछले करीब 6 माह से डेयरी का काम कर रहे हैं।सोमवार (13 अप्रैल 2026) को धीरेन्द्र सिंह और राघवेन्द्र सिंह अपने निजी कार्य से भाखामऊ से कार द्वारा लौट रहे थे। रास्ते में उनकी कार का शीशा खुला हुआ था। तभी सड़क किनारे खड़ी करीब 11 वर्षीय एक बच्ची अचानक घबरा गई और जोर-जोर से शोर मचाने लगी।
अफवाह से भड़के ग्रामीण
बच्ची के शोर मचाने पर परिजनों और आसपास के ग्रामीणों को आशंका हुई कि कार सवार लोग बच्चा चोरी के इरादे से आए हैं। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने कार को घेर लिया। इस दौरान वाहन पर हमला कर दिया गया, जिससे कार का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।घटना के बाद दोनों युवक किसी तरह वहां से निकलकर थाना गुडम्बा पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक संदीप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
बच्ची ने बताई असल वजह
ग्राम प्रधान और परिजनों की मौजूदगी में बच्ची से पूछताछ की गई। बच्ची ने बताया कि कार का शीशा खुला था और उसमें बैठे एक व्यक्ति की लाल आंखें देखकर वह डर गई, जिसके चलते उसने शोर मचाया।पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया यह मामला बच्चा चोरी की अफवाह का निकला। किसी भी तरह की आपराधिक मंशा या अपहरण के प्रयास की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाकर स्थिति को शांत करा दिया।
