मेरठ/हापुड़। मेरठ एएनटीएफ थाना टीम ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 56 किलो 990 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 28.5 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खबरूल हसन मियाह निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद और अशदुल हक निवासी वसंत कुंज, नई दिल्ली के रूप में हुई है।

एक मारुति अर्टिगा कार और 11,310 रुपये नकद भी बरामद

दोनों को 11 अप्रैल 2026 को मुरादाबाद-गाजियाबाद सर्विस रोड पर अल्लाहबख्शपुर गांव के पास से पकड़ा गया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से गांजा के अलावा आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, दो मोबाइल फोन, एक मारुति अर्टिगा कार और 11,310 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस संबंध में हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मुरादाबाद के रास्ते दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करते थे

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बिहार से ट्रेन के माध्यम से गांजा मंगाकर बरेली और मुरादाबाद के रास्ते दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करते थे। तस्करी से होने वाले मुनाफे से वे अपने शौक पूरे करते थे। इस ऑपरेशन को एएनटीएफ मेरठ की टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल कृष्णवीर सिंह, सुशील कुमार और कांस्टेबल विशाल गुप्ता शामिल रहे। वहीं गढ़मुक्तेश्वर थाना पुलिस ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच में जुटी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *